देहरादून (समीक्षा संवाददाता)। देश भर में प्याज व अन्य सब्जियों, रसोई गैस ,पेट्रोल डीजल की आसमान छूती कीमतों के विरोध में आज कांग्रेसियों का आक्रोश सड़कों पर प्रदर्शित हुआ। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बल्लीवाला चैक जीएमएस रोड पर प्याज की मालाएं पहन कर जबरदस्त प्रदर्शन किया व तत्पश्चात मोदी सरकार का पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 'मोदी तेरे राज में आग लगी है प्याज में' व 'महंगी गैस महंगा तेल, डबल इंजन हो गया फेल' जैसे नारे लगा कर मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों व महंगाई पर जम कर हमला बोला।
इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री धस्माना ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में प्याज पचास पार होते ही मोदी सेना हाय-तौबा मचा देती थी किन्तु आज जब प्याज सवा सौ पार हो गया है तो वो चूं तक नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि आज आलू, टमाटर, लहसुन, रसोई गैस, पेट्रोल व डीजल सब की कीमतें आसमान छू रही हैं और सरकार कीमतें नियंत्रित नहीं कर पा रही। उन्होंने कहा कि प्याज की कीमतों ने देहरादून में सवा सौ रुपया प्रति किलो का भाव पार कर कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। श्री धस्माना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बढ़ती कीमतों के खिलाफ सड़क व सदन दोनों जगह सरकार की नाक में दम करेगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश व देश की जनता मोदी जी के अच्छे दिनों से तौबा कर रहे हैं व कह रहे हैं कि इससे तो कांग्रेस के जमाने के बुरे दिन ही अच्छे थे।
प्रदर्शन व पुतला दहन में प्रदेश कांग्रेस की प्रवक्ता गरिमा दसौनी, निगम पार्षद कोमल वोहरा, पार्षद संगीता गुप्ता, ब्लॉक कांवली अध्यक्ष अल्ताफ, मुकेश चैहान, पूर्व पार्षद राजेश पुंडीर, मंजू तोमर, पिया थापा, अभिषेक तिवारी, धर्म सोनकर, मीना रावत, सुमित खन्ना, नरेश गांधी, अनीस अंसारी, गौतम सोनकर, परिणीता बडोनी, घनश्याम वर्मा, इजहार अहमद, सुल्तान, अनीता दास, बिमलेश, गुड्डू डबराल, अनिल डोबरियाल, रामकुमार थपलियाल, मंजू नौडियाल, कुसुम जुयाल, मीना रावत, वीरेश शर्मा, सुशीला शर्मा, प्रीतम सिंह सजवाण, अवधेश कथूरिया, अनुराग गुप्ता, कांता क्षेत्री, एस पी बहुगुणा, हरजीत, संजय शर्मा एवं विजय भट्टाराई समेत सैकड़ों कार्यकताओं ने भाग लिया।